सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र के डॉक्टर कॉलोनी स्थित (चुना गली गढपर) सुबह-सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है. वार्ड पार्षद 27 के प्रतिनिधि धीरज ने बताया कि उन्हें सफाई कर्मियों के द्वारा सूचना मिली कि डॉक्टर कॉलोनी से सटे एक मैदान में डेड बॉडी पड़ी हुई है. इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. बॉडी पर जख्म और चोट के निशान हैं, जिससे यह अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि उसकी हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है. पीठ पर चोट का निशान है जबकि दोनों पैर और हाथ में भी काला निशान पड़ गया है. जिससे प्रतीत हो रहा है कि हाथ पैर बांधकर पहले युवक की पिटाई की गई है और जब उसकी मौत हो गई है तो रात्रि में मैदान के बीचों-बीच लाकर शव को फेंक दिया गया. इस मामले में बिहार थाना के सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला स्पष्ट हो सकेगा. उधर, भोजपुर जिले में नहर में डूबने से एक मछुआरे की मौत हो गई. मछली मारने के दौरान हादसा हुआ है. मृतक कलेक्टर मुसहर(50) नवादा के अनाइठ मोहल्ला के रहने वाले थे.
बिहार के नवादा जिले में गुरुवार शाम गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. नवादा थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड के पास हुई, जहां तीन दिन पूर्व हुए विवाद का बदला लेने के लिए एक युवक को गोली मार दी गई. घायल युवक आशीष कुमार (18) को दाहिने कंधे के पीछे गोली लगी है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं. आशीष ने बताया कि वह अपने दोस्तों रिशु रंजन और रघु रंजन के साथ जिम गया था, तभी आरोपित पक्ष के लड़कों ने बुलाकर दोनों दोस्तों से मारपीट शुरू कर दी. जब आशीष बीच-बचाव करने पहुंचा तो भागने के दौरान पीछे से उस पर फायरिंग की गई. उसने पवन उर्फ ढेलु और राहुल यादव उर्फ तिगड़ी पर गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है. दूसरी खबर मोतिहारी से है. यहां के सुगौली क्षेत्र में पागल कुत्ते ने दहशत फैला दी. श्रीखण्डी, चैनपुर, खुटिरवा और देवदातवा गांवों में करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया. सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है. स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और प्रशासन कुत्ते की खोज में जुटा है.
