सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान जल्द होने वाला है. पार्टी हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की तारीखों की घोषणा कर दी है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े करेंगे, जो इस चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं. इसके अगले दिन यानी 14 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल प्रदेश चुनाव अधिकारी के रूप में पूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे और नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगे.
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में दो नाम सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक वर्तमान में दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं उनमें महराजगंज से सांसद और केंद्र में राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाम सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभरा है. सात बार के सांसद और पूर्वांचल के प्रभावशाली कुर्मी चेहरे के रूप में उनकी मजबूत पकड़ है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए हाईकमान पूर्वांचल में मजबूत संगठनात्मक चेहरा चाहता है.
