
दिल्ली-एनसीआर में गैंगवार और इंटरस्टेट क्राइम सिंडिकेट्स के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में दिल्ली पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बावरिया गैंग के हार्डकोर और मोस्ट वॉन्टेड अपराधी संजय उर्फ झल्लू को पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया है. झल्लू के खिलाफ दिल्ली और यूपी में कुल 34 केस दर्ज हैं, जबकि 6 मामलों में उसे कोर्ट ने ‘प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर’ घोषित किया हुआ था. दिल्ली पुलिस बीते कुछ दिनों से लॉरेंस बिश्नोई, गोगी, टिल्लू ताजपुरिया, बवाना और अन्य संगठित गैंग्स के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. इसी अभियान के तहत अब बावरिया गैंग के इस खतरनाक सदस्य का पकड़ में आना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बावरिया गैंग का सक्रिय सदस्य संजय उर्फ झल्लू पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ में छिपा हुआ है. क्राइम ब्रांच की एसीपी भगवती प्रसाद की निगरानी में इंस्पेक्टर पवन कुमार सहति कई पुलिस अधिकारियों की एक टीम बनाई गई. तकनीकी निगरानी, लोकल इंटेलिजेंस और दो सप्ताह के लगातार ट्रैकिंग के बाद टीम ने उसकी सही लोकेशन कन्फर्म की. 7 दिसंबर को क्राइम ब्रांच की टीम ने पंजाब में छापा मारा और संजय को किसी फिल्मी सीन की तरह अचानक रेड कर गिरफ्तार कर लिया.
