
मध्य प्रदेश के भोपाल के स्टार निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार को दोहा में हुए ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में एक और सिल्वर मेडल जीतकर अपने मेडल कलेक्शन में नई चमक जोड़ दी. यह मुकाबला राइफल, पिस्टल और शॉटगन कैटेगरी में खेला गया. तोमर 50 मीटर राइफल थ्री पोज़िशन इवेंट में सिर्फ 0.9 पॉइंट से गोल्ड से चूक गए. गोल्ड मेडल चेक रिपब्लिक के शूटर जिरी प्रिवरत्स्की ने जीता.
यह प्रतियोगिता लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई. इस जीत के साथ तोमर ने बड़ी वर्ल्ड और कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप में अपने मेडल सेट को पूरा कर लिया है. इस साल की शुरुआत में उनका प्रदर्शन सामान्य रहा था, लेकिन साल के दूसरे हिस्से में उन्होंने शानदार वापसी की और तीन बड़े मेडल जीते, एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर, और अब वर्ल्ड कप फाइनल में सिल्वर। दोहा में मिला यह पदक भारत का चौथा मेडल है.
कौन सी पोज़िशन पर रहे खिलाड़ी
फाइनल में प्रिवरत्स्की ने 414.2 का स्कोर बनाकर गोल्ड अपने नाम किया, जबकि चीन के ओलंपिक चैंपियन लियू युकुन ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता. क्वालिफिकेशन राउंड में तोमर ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 595 का स्कोर किया और चीन के तियान जियामिंग के बाद दूसरे स्थान पर रहे. जियामिंग ने 598 पॉइंट्स के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. टॉप आठ खिलाड़ियों में नॉर्वे, हंगरी और चीन के खिलाड़ी भी शामिल थे. फाइनल में तोमर ने नीलिंग पोज़िशन में शुरुआत चौथे नंबर से की, जहाँ उनका स्कोर 102.8 था. प्रोन पोज़िशन में उन्होंने शानदार वापसी की और 52.9 और 52.0 की सीरीज़ मारकर दूसरे स्थान पर पहुँच गए. इस समय प्रिवरत्स्की 3.3 पॉइंट्स से आगे थे और लियू तीसरे स्थान पर थे। इसके बाद मुकाबला स्टैंडिंग पोज़िशन में चला गया.
