
रविवार को पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी रहा. जम्मू और कश्मीर से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया. कई हिस्सों में तो न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार और मंगलवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कुछ जगहों पर कोल्ड वेव की स्थिति गंभीर रहने की संभावना जताई है. वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 6.8 डिग्री था. यह फिर भी सामान्य से 1.6 डिग्री कम था. दूसरी ओर बिहार-झारखंड से बंगाल तक न्यूनतम तापमान के गिरने का दौर जारी है. मौसम विभाग ने झारखंड के कम से कम 8 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है. वहीं, तामिलनाडु और आंध्र प्रदेश के दक्षिण तटीय इलाकों के साथ-साथ बेंगलुरु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में मौसम को लेकर चेतावनी जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अभी पिछले दो दिनों से पारा में सुधार हो रहा था, लेकिन अब अगले 72 घंटों में 3 से 4 डिग्री तक पारे में गिरावट की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. साथ ही धुंध की भी उम्मीद है. दिल्ली में प्रदूषण का लेवल रविवार को ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में रहा, जिससे कई हफ्तों से लोगों पर छाई ज़हरीली हवा का असर और बढ़ गया. 24 घंटे का औसत AQI 308 रहा.
