
भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में धमाकेदार खेल दिखाया. विराट कोहली ने रिकॉर्ड सेंचुरी ठोकी और रोहित शर्मा के बल्ले से भी रन आए. इन दोनों की चमक के बीच स्पिनर कुलदीप यादव ने रविवार (30 नवंबर) को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया वो फीका पड़ गया. इस गेंदबाज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 4 विकेट लेने के मामले में शेन वार्न जैसे दिग्गज स्पिनर को पीछे छोड़ दिया.
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) स्टेडियम, रांची में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को जीत दिलाई. इस हाई-स्कोरिंग मैच में कुलदीप ने 4 विकेट लेकर 68 रन दिए. उन्होंने टोनी डी जोर्जी को 39 रन पर आउट किया. इसके बाद उन्होंने मार्को यानसेन और मैथ्यू ब्रीट्ज़के को तीन गेंदों के अंदर पवेलियन भेजा. इन दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 68 गेंदों में 97 रन की बड़ी साझेदारी की थी. 30 साल के कुलदीप ने यानसेन को 39 गेंदों में 70 रन की तेजतर्रार पारी के बाद आउट किया. इसके तुरंत बाद उन्होंने मैथ्यू ब्रीट्ज़के को 80 गेंदों में 72 रन पर चलता किया.
