
न्यूजीलैंड की टीम ने सोचा नहीं होगा कि अपने घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका ऐसा हाल हो जाएगा. तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेहमान टीम ने दूसरी पारी में 531 रन का पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट पर 457 रन बना डाले. जस्टिन ग्रीव्स ने वेस्टइंडीज के लिए एक छोर पर डटकर डबल सेंचुरी ठोकी और मुकाबला ड्रॉ कराने में अहम भूमिका अदा की. शाई होप ने सेंचुरी जमाई जबकि केमार रोच ने नाबाद 58 रन की पारी खेली.
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. आखिरी दिन के आखिरी सेशन तक मैच किसकी तरफ जाएगा पता नहीं चल रहा था. वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले गेंदबाजी चुनी थी. पहली पारी में मेजबान टीम 231 रन पर ढेर हुई लेकिन वेस्टइंडीज को भी 167 रन पर समेट दिया. दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 466 रन बनाकर पारी घोषित की. पहली पारी में मिले 64 रन की बढ़त के दम पर वेस्टइंडीज के सामने 531 रन का विशाल लक्ष्य रखा.
