
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में आयोजित डीजीपी और आईजी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस के दौरान देश के श्रेष्ठ थानों की रैंकिंग घोषित की. इस सूची में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है. मल्हारगढ़ थाना देशभर के टॉप-10 उत्कृष्ट थानों में नौवें स्थान पर रहा, जो न केवल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे देश में पुलिस सेवा के उच्च मानकों का प्रतीक बन गया है.
कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा, यह रैंकिंग पुलिस थानों की दक्षता, जनसेवा और अपराध नियंत्रण की वास्तविक तस्वीर पेश करती है. उन्होंने 70 से अधिक पैमानों पर आधारित इस मूल्यांकन को पुलिस सुधार की दिशा में एक मील का पत्थर बताया. मल्हारगढ़ थाने को यह स्थान अपराध दर में कमी, प्रकरणों के शीघ्र निपटारे, थाने की स्वच्छता, पुलिसकर्मियों के व्यवहारिक कौशल और समुदाय-केंद्रित सेवाओं जैसे मानदंडों पर पूर्ण अंक प्राप्त करने के कारण मिला. यह प्रदेश का इकलौता थाना है, जो इस कठिन परीक्षा में सफल हुआ.
