
रायसेन जिले की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी सलमान खान पर एक बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी तीन दिन तक भोपाल में अपनी रिश्तेदार बेबी के घर छिपा था. पुलिस का दबाव बढ़ा तो उसने पहचान छिपाने के लिए बेबी का बुर्का पहनना शुरू कर दिया. वह राजधानी में बाजार और गलियों में बुर्का पहनकर घूमता रहा. इस दौरान वह किराए का कमरा भी तलाश कर रहा था. उसे पकड़कर पुलिस के हवाले करने वाले जय भवानी संगठन के युवकों ने बताया कि सलमान, रायसेन से भोपाल बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आया था.
जय भवानी संगठन के युवकों ने बताया कि सलमान अपनी लोकेशन बदलता रहता था. पहले उसकी लोकेशन भोपाल के दस नंबर मार्केट के पास मिली थी, लेकिन इसके बाद वह गांधी नगर मार्केट के पास तक पहुंच गया था. उसे गुरुवार देर रात संदिग्ध हालत में देखा और पीछा किया. पहचान की पुष्टि होते ही उसे पकड़कर गांधी नगर थाना पहुंचाया. पुलिस ने तुरंत रायसेन पुलिस को सूचना दी.
