आक़िल गौर पत्रकार उत्तराखंड

दूल्हे के दिव्यांग होने पर शादी से इनकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि शादी के दिन जब दुल्हन और उसके पिता को दूल्हे के दिव्यांग होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने शादी मना कर दिया. इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पूरी बारात को बंधक बना लिया गया और उनसे पैसे की मांग की गई. मिली जानकारी के अनुसार, शादी तय होने के बाद दूल्हा पक्ष पूरे रीति-रिवाज के साथ बारात लेकर पहुंचा था. शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन इसी दौरान दुल्हन पक्ष को दूल्हे के दिव्यांग होने की खबर मिली. इसके बाद दुल्हन और उसके पिता ने शादी से साफ इनकार कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जनकगंज थाने में दूल्हे प्रशांत कुशवाह और उसके पिता लोटन कुशवाह, निवासी नादरिया की माता गुढ़ा, ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया है कि प्रशांत कुशवाह की शादी बेलदार का पुरा निवासी धर्मजीत कोठारी कुशवाह की बेटी रितु से 11 दिसंबर को तय हुई थी. तय तारीख पर प्रशांत पूरे रीति-रिवाजों के साथ बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा. स्टेज पर वरमाला भी हुई और शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं. शिकायत के अनुसार, जब मंडप में फेरे शुरू होने वाले थे और दूल्हा मंडप में पहुंच चुका था, तभी दुल्हन मंडप में नहीं आई. जब दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन पक्ष से बात की, तो उन्होंने दुल्हन को मंडप में लाने से साफ इनकार कर दिया. आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने यह कहकर शादी से मना कर दिया कि दूल्हा पैरों से दिव्यांग है. दूल्हे के पिता ने जब कहा कि उनका बेटा दिव्यांग नहीं है, तब भी दुल्हन पक्ष नहीं माना और शादी तोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की.
