
उत्तर प्रदेश भाजपा को जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है. यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद की रेस में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा हैं. पंकज चौधरी महाराजगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं और गोरखपुर क्षेत्र से आते हैं. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता है, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है. यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया कल दोपहर 2 से 3 बजे के बीच होगी.
इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि शाम 4 से 5 बजे तक नाम वापसी का समय तय किया गया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन की पूरी संभावना जताई जा रही है. हालांकि, इस पद को लेकर तीन नामों पर चर्चा तेज है. पंकज चौधरी के अलावा, यूपी के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और बाबूराम निषाद के नाम भी रेस में बताए जा रहे हैं. ऐसे में कल की नामांकन प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.
