
रूस-यूक्रेन युद्ध इस वक्त ऐसे मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां रूस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है या फिर यूं कहें कि जेलेंस्की का पक्ष कमजोर हो रहा है. एक तरफ तो रूस और अमेरिका ये संकेत दे चुके हैं कि उनके बीच अब वैसी दुश्मनी नहीं रही, वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भी ये कहा है कि अमेरिका भविष्य में यूक्रेन को दी जाने वाली मदद रोक सकता है. गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक यह बात उन्होंने कतर में आयोजित दोहा फोरम में कही है.
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने कहा है कि उनके पिता यूक्रेन शांति प्रक्रिया से पीछे हट सकते हैं. उन्होंने यह बयान कतर में एक सम्मेलन के दौरान पत्रकार याल्दा हकीम से बात करते हुए दिया. ट्रंप जूनियर ने कहा कि उनके पिता की नीति हमेशा अनिश्चित और अप्रत्याशित रहती है. उनकी बात इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की को लेकर एक बयान देते हुए कहा कि उनके शांति मसौदे को उन्होंने पढ़ा तक नहीं.
क्या यूक्रेन शांति वार्ता से पीछे हटेंगे ट्रंप?
जब उनसे पूछा गया कि क्या राष्ट्रपति ट्रंप यूक्रेन की शांति वार्ता से हट सकते हैं, तो ट्रंप जूनियर ने कहा- ‘मुझे लगता है वह ऐसा कर सकते हैं.’ उन्होंने कहा कि ट्रंप की खासियत ही यह है कि कोई नहीं जानता कि वह अगला कदम क्या उठाएंगे, क्योंकि वह पुराने ढर्रे पर चलने वाले नेताओं की तरह काम नहीं करते. ट्रंप जूनियर ने कहा कि अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने यूक्रेन युद्ध को गलत तरीके से पेश किया है. उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन युद्ध से पहले, रूस से भी ज्यादा भ्रष्ट था और यह बात अमेरिकी रिपोर्टों में भी कही गई है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की को एक देवता जैसा दर्जा दे दिया गया है, जबकि उनके शासन में लंबे समय से भ्रष्टाचार और अनियमितताएं रही हैं. अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर दिया गया. उन्होंने जेलेंस्की के भ्रष्टाचार पर खुलकर बात की और कहा कि वे पवित्र नहीं हैं.
