
यूक्रेन पर रूस की मिसाइलें अब भी गिर रही हैं, जंग को दो साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन अमेरिका से जो खबर आई है, उसने रूस को जश्न मनाने का मौका दे दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि व्लादिमीर पुतिन के लिए उनके दिल में सॉफ्ट कॉर्नर’ ही नहीं, बल्कि एक खास जगह है. ट्रंप ने अमेरिका की नई नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रेटजी जारी की है. इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रूस को अब अमेरिका के लिए प्रत्यक्ष खतरा (Direct Threat) नहीं माना गया है. यह फैसला ओबामा और बाइडन प्रशासन की नीतियों से 180 डिग्री का यू-टर्न है. उधर, क्रेमलिन यानी रूसी राष्ट्रपति भवन ने ट्रंप के इस दस्तावेज को हाथों-हाथ लिया है और कहा है कि ट्रंप की दुनिया को देखने की नजर, पुतिन की नजर से काफी मिलती-जुलती है.
2014 में क्रीमिया पर कब्जे और 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद से, अमेरिकी दस्तावेजों में रूस को हमेशा एक आक्रामक और वैश्विक व्यवस्था को बिगाड़ने वाला देश बताया जाता रहा है. लेकिन ट्रंप की नई रणनीति फ्लेक्सिबल रियलिज्म के सिद्धांत पर आधारित है. इसमें साफ कहा गया है कि वाशिंगटन अब मॉस्को के साथ दुश्मनी बढ़ाने के बजाय स्ट्रेटजिट स्टेबिलिटी बहाल करना चाहता है.
