
भोपाल में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया. पिता के लिए दवा लेने निकला 12वीं कक्षा का छात्र आतिफ (18) घर लौट ही नहीं सका. मेडिकल स्टोर से दवा लेकर जैसे ही वह स्कूटी से आगे बढ़ा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सड़क पर गिर गया. कुछ ही सेकंड बाद कार के पहिये उसके सिर पर चढ़ गए और वहीं उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
आरोपी कार चालक की पहचान नितिन मूलानी के रूप में हुई है, जो कि भोपाल के नामी बिल्डर केएल मूलानी का बेटा है. हादसे के बाद नितिन मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. भीड़ के अनुसार, आरोपी ने छात्र को टक्कर मारने के बाद जानबूझकर कार मोड़ी और कुचलते हुए फरार होने लगा.
आतिफ गिन्नौरी थाना क्षेत्र में तलैया इलाके का रहने वाला था. उसके पिता आसिफ ठेकेदारी करते हैं. पिता की तबीयत खराब थी, इसी कारण वह घर से दवा लेने निकला था. चश्मदीदों की मानें तो हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ.
