
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अब 6 दिसंबर को नोएडा में होने वाली प्रस्तावित विशाल जनसभा को संबोधित नहीं करेंगी. यह रैली महापरिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की जानी थी.
बसपा ने बुधवार को आधिकारिक रूप से ऐलान किया कि मायावती इस बार नोएडा नहीं आएंगी. वह लखनऊ स्थित अपने आवास पर ही डॉ. आंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी. पार्टी की ओर से जारी बयान में मायावती ने रैली रद्द करने की वजह बताते हुए कहा, “ऐसे बड़े आयोजनों में मेरी Z-plus श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था के चलते लाखों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और उनके परिवारों को भारी असुविधा होती है. लंबी जाम की स्थिति, घंटों इंतजार और अन्य परेशानियाँ देखते हुए मैंने यह फैसला लिया है कि अब ऐसे खुले स्थानों पर बड़ी सभाएँ नहीं करूँगी.”
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए भी उनकी सुविधा और सुरक्षा का पूरा खयाल रखना जरूरी है, इसलिए अब वह सिर्फ जरूरी बंद स्थान की बैठकों या छोटे आयोजनों में ही शामिल होंगी.
