
यमन की सरकार ने भारतीय क्रू सदस्य अनिल कुमार रवींद्रन को रिहा कर दिया है. रवीन्द्रन एमवी एटरनिटी सी नामक जहाज़ पर काम करते थे और जुलाई 2025 में हूती विद्रोहियों के हमले के बाद उन्हें यमन में हिरासत में ले लिया गया था. करीब पांच महीने तक जेल में बिताने के बाद अब उनकी रिहाई संभव हो पाई है.
वहीं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. आय से अधिक संपत्ति (DA) मामले में दाखिल उनकी जमानत याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है.
उधर गुजरात ATS ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं, जिन पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने और संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप है.
दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय नौसेना को नौसेना दिवस पर बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘इंडियन नेवी के सभी लोगों को नेवी डे की बधाई. हमारी नेवी बहुत हिम्मत और पक्के इरादे की पहचान है. वे हमारे किनारों की सुरक्षा करते हैं और हमारे समुद्री हितों को बनाए रखते हैं.’
