दिल्ली: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, वांटेड आरोपी मेहताब घायल होकर गिरफ्तार
दिल्ली के पटेल नगर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबर्दस्त मुठभेड़ हुई। घटना तब हुई जब थाना पुलिस ने वांटेड बदमाश मेहताब को रुकने का संकेत दिया। मेहताब ने तुरंत पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे मेहताब घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेहताब मर्डर केस में वांटेड चल रहा था। इस एनकाउंटर के साथ दिल्ली पुलिस वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के ऑपरेशन कवच-11 के तहत कुल 166 गिरफ्तारियाँ और बड़ी मात्रा में रिकवरी की गई है।
देहरादून: फर्जी हिंदू नाम से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज़ और हिंदू पहचान का इस्तेमाल कर रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है।
28 वर्षीय बबली बेगम, जो भूमि शर्मा के नाम से रह रही थी, कोविड-19 काल में अवैध रूप से भारत में घुसी थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह 2021 में देहरादून पहुंची और 2022 में एक स्थानीय युवक से शादी कर ली। इसके बाद उसने नकली भारतीय पहचान दस्तावेज़ भी बनवा लिए थे।
उसे ऑपरेशन कालनेमी के दौरान गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी पहचान के साथ रह रहे लोगों पर कार्रवाई के लिए चलाया जा रहा है।
आंध्र प्रदेश: राज्य में बनेंगे 3 नए जिले, कुल संख्या होगी 29
आंध्र प्रदेश सरकार ने तीन नए जिलों—मरकापुरम, मदनपल्ले और पोलावरम—के गठन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की सिफारिशों पर हस्ताक्षर किए।
इसके साथ राज्य में कुल जिलों की संख्या 26 से बढ़कर 29 हो जाएगी।
