सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

गाजियाबाद के लोनी और पावी सादातपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग का 7 किमी हिस्सा सालों से गड्ढों, धूल और जाम का प्रतीक बना हुआ था. अब आखिरकार इस जर्जर सड़क से लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है. दरअसल, प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस जर्जर हाईवे की पूरी मरम्मत के लिए 32 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं, और काम अगले महीने शुरू होगा. अधिकारियों की मानें तो अगले 9 महीनों में यह मरम्मत का कार्य पूर्ण होगा.
बता दें कि गाजियाबाद में दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का लोनी राउंडअबाउट से पावी सादातपुर तक का 7 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह टूट-फूट है. इस हाईवे को कभी दिल्ली और पश्चिमी यूपी के बीच एक महत्वपूर्ण लिंक के रूप में विकसित किया गया था, अब लोनी के आसपास बड़े-बड़े गड्ढों और धंसे हिस्सों के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. जिससे यहां रोजाना आना-जाना हजारों लोगों को काफी मुश्किल हो गया है.
लोगों को इस मुश्किल से निजात दिलाने के लिए यूपी सरकार ने इस पूरी सड़क के ओवरहॉल के लिए 32 करोड़ रुपए मंज़ूर किए हैं. पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य अगले महीने से शुरू होगा और इसे नौ महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है. मुख्य अभियंता राम राज ने बताया कि 18 मीटर चौड़ी यह सड़क, जो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के समानांतर (पैरेलल) चलती है, दोबारा निर्माण के बाद आने-जाने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बनेगी.
