
बिहार के औरंगाबाद जिले में डीडीयू-गया रेलखंड पर स्थित फेसर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप एक मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं. यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन लूप लाइन पर जाने के लिए ट्रैक बदल रही थी. गनीमत यह रही कि इस हादसे से मुख्य लाइन पर ट्रेनों के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा. सूचना मिलते ही तकनीकी कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बोगियों को वापस पटरी पर लाया गया. फिलहाल, क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मती का कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
बेगूसराय में जेडीयू नेता को मारी गोली
बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने बुधवार अहले सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. नगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमती के पास अपराधियों ने छात्र जदयू नेता सोनू कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घायल सोनू को तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है. घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
