
भारतीय आसमान में एयरलाइन ड्यूपॉली का अंजाम हाल ही में सभी को तब समझ आ गया, जब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह कोलैप्स हो गया. फ्लाइट डिले और कैंसलेशन की वजह से हजारों पैसेंजर्स को परेशानी झेलनी पड़ी. इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि जब मार्केट में लिमिटेड एयरलाइंस होती हैं, तो उसका सीधा असर पैसेंजर पर ही पड़ता है.
इस पूरे घटनाक्रम को देखने के बाद सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने भारतीय फ्लायर्स को ज्यादा विकल्प मुहैया कराने के लिए अपनी कवायद तेज कर दी है. इसी हफ्ते मंत्रालय ने दो प्रस्तावित एयरलाइंस को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी किया है, इनमें अल हिंद एयर और फ्लाइएक्सप्रेस का नाम शामिल है. इससे पहले मंत्रालय शंख एयर को भी एनओसी जारी की जा चुकी है.
एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते में उन्होंने कई नई एयरलाइंस की टीम्स से मुलाकात की है, जो भारतीय आसमान में टेक-ऑफ करने की तैयारी कर रही हैं. एविएशन मिनिस्टर के मुताबिक, मिनिस्ट्री का लगातार यही प्रयास रहा है कि भारतीय एविएशन सेक्टर में ज्यादा से ज्यादा एयरलाइंस को एंकरेज किया जाए.
