आक़िल गौर

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाने की पुलिस ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर महाराजगंज रोड स्थित राधा फैमिली रेस्टोरेंट में लंबे समय से चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मौके से चार जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा. इसके बाद रेस्टोरेंट के संचालक को गिरफ्तार कर लिया. मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है.
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में सोमवार शाम को पुलिस की टीम ने रेस्टोरेंट पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के कमरों में 4 युवक और 4 युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए. पूछताछ में पता चला कि रेस्टोरेंट मालिक सर्वेश कुमार मौर्या लंबे समय से अधिक आर्थिक लाभ के लिए अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा था. सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही की गई.
