आक़िल गौर

गाजियाबाद के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को सीधे गाजियाबाद से जोड़ने वाली नमो भारत रैपिड रेल का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है. इस हाई-स्पीड कॉरिडोर से न सिर्फ गाजियाबाद, बल्कि पूरे NCR को एयरपोर्ट तक तेज, सस्ती और जाम-मुक्त कनेक्टिविटी मिलेगी. एनसीआरटीसी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के साथ रूट और स्टेशनों पर सहमति बना ली है.
गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी नमो भारत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को गाजियाबाद से जोड़ने वाला नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर अब फाइनल स्टेज में पहुंच गया है. नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे रूट और 11 प्रस्तावित स्टेशनों पर मुहर लगा दी है.
यह रैपिड रेल गाजियाबाद से शुरू होकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा होते हुए सीधे जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी. इस कॉरिडोर पर करीब 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत आने का अनुमान है.
