
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने तीन देशों के दौरे की शुरुआत करते हुए पहले पड़ाव के तौर पर जॉर्डन पहुंचे. उन्होंने यहां के नेतृत्व की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि जॉर्डन आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ मजबूती से लड़ रहा है और इस सोच में वह भारत के साथ खड़ा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – ‘हिंसक उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई से जुड़े वैश्विक मंचों पर हमारी पहली मुलाकात हुई थी. तब भी आपकी बातों में साफ सोच और दृढ़ विश्वास दिखा था. आपके नेतृत्व में जॉर्डन लगातार आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ मजबूत संदेश देता रहा है.’ अम्मान में प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और जॉर्डन आतंकवाद के खिलाफ एक जैसी और स्पष्ट सोच रखते हैं.
