सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले खुफिया इनपुट के बाद उनकी सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया गया है. इनपुट मिलते ही देर रात दिल्ली और भोपाल स्थित उनके आवासों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए, जिस पर संबंधित एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.
भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. शिवराज चौहान के आवास के बाहर और आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है. संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है. प्रवेश और निकास बिंदुओं पर चेकिंग सख्त कर दी गई है, वहीं आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है.
इसी तरह दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा समीक्षा के बाद अतिरिक्त बल तैनात किया है और प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं.
