
लोकसभा में चुनाव सुधारों और खास तौर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर 10 घंटे की महाबहस शुरू हो गई है. निचली सदन में करीब 10 घंटे तक यह चर्चा होगी. वहीं वंदे मातरम् पर लोकसभा की बहस के बाद आज राज्यसभा में भी चर्चा होगी. इस चर्चा की शुरुआत गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस विषय पर अपने विचार रखेंगे.
उधर इंडिगो एयरलाइंस संकट को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने लोकसभा में मंगलवार को बयान दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यात्री सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. राम मोहन नायडू ने सदन को बताया कि इंडिगो में आंतरिक क्रू रोस्टरिंग की गड़बड़ी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुईं. उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे मामले को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो को नोटिस जारी किया है और एयरलाइन को जवाबदेह ठहराया जा रहा है.
मंगलवार सुबह संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सांसदों के साथ अहम बैठक की है. एनडीए संसदीय दल की बैठक में उन्होंने SIR को लेकर सीख दी. इसके साथ ही उन्होंने एनडीए सांसदों को जीत के उत्साह के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी स्पष्ट संदेश दिया. पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने जितना बड़ा जनादेश दिया है, उतनी ही बड़ी अपेक्षाएं भी अब सरकार और जनप्रतिनिधियों से जुड़ गई हैं. ऐसे में अब सभी सांसदों को पहले से कहीं अधिक मेहनत, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ जनता के बीच काम करना होगा.
