
यूपी में लखनऊ नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के सत्यापन का मामला सामने आया है. सूत्रों के अनुसार, नगर निगम के निर्देश पर जब कर्मचारियों से पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो करीब 160 कर्मचारी काम छोड़कर चले गए. नगर निगम ने लखनऊ स्वच्छता अभियान प्राइवेट लिमिटेड (LSA) को निर्देश दिया था कि वह अपने यहां काम कर रहे कर्मचारियों में संदिग्ध रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करे.
इसी के तहत LSA ने असम मूल के कर्मचारियों से NRC से जुड़े दस्तावेज, और अन्य कर्मचारियों से आधार सहित पहचान पत्र जमा करने को कहा. सूत्रों के मुताबिक, दस्तावेज मांगे जाने के बाद लगभग 160 कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी. इसकी जानकारी LSA ने नगर निगम को भेज दी है.
LSA संस्था शहर के पांच जोन में कूड़ा कलेक्शन और सफाई का काम करती है. यहां सफाई में लगभग 1,000 लोग और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में करीब 2,200 लोग कार्यरत हैं. दस्तावेज मांगने पर कूड़ा कलेक्शन में काम करने वाले करीब 125 कर्मचारी और सफाई कार्य में लगे लगभग 35 कर्मचारी दस्तावेज जमा किए बिना, काम छोड़कर चले गए.
