
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) एक बार फिर सुर्खियों में है. पिछले कुछ दिनों में हजारों फ्लाइट कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर हाहाकार मच रहा है. कंपनी पर यात्रियों का गुस्सा फूट रहा, तो अब कर्मचारियों ने भी आवाज उठाई है. सोशल मीडिया पर एक ‘ओपन लेटर’ वायरल हो रहा है, जिसमें पायलट, केबिन क्रू और ग्राउंड स्टाफ ने मैनेजमेंट पर बुरा व्यवहार, ज्यादा काम का दबाव और प्लानिंग की कमी के आरोप लगाए हैं. लेटर में विदेशी अधिकारियों के नाम तक ले लिए गए हैं.
इस वायरल लेटर में एक कथित कर्मचारी ने आरोप लगाए हैं कि ग्राउंड स्टाफ, पायलट और केबिन क्रू पर बहुत ज्यादा काम का दबाव है. कई बार स्टाफ की कमी होती है, जिससे कर्मचारियों को लंबी शिफ्ट और थकान झेलनी पड़ती है. कुछ पॉलिसीज कर्मचारियों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं, लेकिन मैनेजमेंट इस पर ध्यान नहीं दे रहा. लेटर में यह भी लिखा गया है कि विदेश से आए कुछ बड़े अधिकारी कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करते हैं.
