
अफगानिस्तान और बांग्लादेश में एक बार फिर धरती हिली है. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार गुरुवार तड़के बांग्लादेश में 4.1 और अफगानिस्तान में 4.3 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. ठीक एक महीने पहले दोनों देशों में एक ही दिन भूकंप आया था. अफगानिस्तान में यह झटका सुबह 03.05 बजे आया और इसकी गहराई 140 किलोमीटर रही. अफगानिस्तान में यह इस हफ्ते का दूसरा झटका है. इससे पहले सोमवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था. लगातार आ रहे झटकों ने स्थानीय लोगों में बेचैनी एक बार फिर बढ़ा दी है, क्योंकि हिंदू कुश पर्वतमाला भूकंपीय गतिविधियों के लिए पहले से ही कुख्यात मानी जाती है.
रेड क्रॉस के अनुसार इस क्षेत्र में हर साल कई भूकंप आते हैं और इनमें से कई नुकसान पहुंचाने वाले साबित होते हैं. देश ने पिछले महीने भी एक बड़ा भूकंप झेला था. 4 नवंबर को उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता के जोरदार भूकंप ने कम से कम 27 लोगों की जान ले ली थी और 956 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. कई घर ढह गए थे और ऐतिहासिक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह झटका मजार-ए-शरीफ के पास उथली गहराई 28 किलोमीटर पर आया था, जिसकी वजह से नुकसान ज्यादा हुआ.
