
झारखंड में ईडी ने बड़ा एक्शन लिया है. ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय की रडार पर इस बार झारखंड के केजरीवाल हैं. जी हां, रांची में रहने वाले केजरीवाल पर ईडी ने रेड मारी है. रांची के केजरीवाल का पूरा नाम नरेश कुमार केजरीवाल है. नरेश कुमार केजरीवाल करीब 900 करोड़ रूपये के संदिग्ध लेनदेन के कारण जांच एजेंसी ईडी की रडार पर हैं. नरेश केजरीवाल पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है.
ईडी ने नरेश कुमार केजरीवाल पर शिकंजा कसते हुए FEMA की धारा 37 के तहत बड़ी कार्रवाई की है. प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मंगलवार की सुबह रांची बेस्ड चार्टर्ड अकाउंटेंट और संदिग्ध हवाला ऑपरेटर नरेश कुमार केजरीवाल के ठिकानों पर व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की है. यह कार्रवाई उनके परिजनों और करीबी सहयोगियों के परिसरों तक फैली हुई है, जिसमें रांची, मुंबई और सूरत शामिल हैं.
कैसे शुरू हुई जांच?
इस कार्रवाई की शुरुआत आयकर विभाग की जांच से हुई. उस आईटी जांच में यह उजागर हुआ कि नरेश केजरीवाल यूएई, नाइजीरिया और अमेरिका में कई अघोषित विदेशी शेल कंपनियों को नियंत्रित कर रहे थे, इनका संचालन असल में भारत से ही किया जा रहा था. जांच में कई बातें सामने आई हैं.
