आक़िल गौर उत्तराखण्ड रिपोर्टर
कार पर डम्पर पलटने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, चीख-पुकार से कांप उठा इलाका…
एम अफज़ल गौर@ मानव जगत
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार करीब 10 बजे को हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को दहला दिया। सैयद माजरा निवासी एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिवार कार से अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने फंदपुरी जा रहा था, लेकिन रास्ते में मौत ने उन्हें घेर लिया। बजरी से भरा तेज़ रफ़्तार डम्पर अचानक अनियंत्रित होकर सीधे कार पर जा पलटा। पलभर में कार कबाड़ बन गई और परिवार के सभी सदस्य मौत के आगोश में समा गए।
टक्कर इतनी भयावह कि कार पिचककर चपटी हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे हादसा उस वक्त हुआ जब कार गागलहेड़ी मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा तेज़ रफ्तार डम्पर अचानक डगमगा गया। भारी बजरी से लदा होने के कारण डम्पर संतुलन खोकर सीधा कार पर आ गिरा। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में बैठे सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानी (55 वर्ष), संदीप (24 वर्ष), जोली (27 वर्ष), शेखर (30 वर्ष), अनिरुद्ध (3 वर्ष), विपिन (23 वर्ष), उमेश (50 वर्ष) परिवार के दो युवा, एक दम्पति, एक मासूम बच्चा और दो बुजुर्ग- सातों की एक साथ मौत ने गांव को हिलाकर रख दिया।
क्रेन से हटवाया गया डम्पर, घंटों बाद निकाले जा सके शव
दुर्घटना की सूचना पर सीओ सदर, थानाध्यक्ष गागलहेड़ी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कार पूरी तरह बजरी और डम्पर के नीचे दब जाने से बचाव कार्य मुश्किल हो गया। क्रेन मंगाकर डम्पर को हटवाया गया, तब कहीं जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों की चीखें और दहशत का माहौल देखकर हर किसी का दिल दहल उठा।
ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, हाईवे पर जाम टोल प्लाज़ा पर भीड़
घटना के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा दिखाई दिया। लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग की। देखते-देखते टोल प्लाज़ा पर भी भीड़ उमड़ आई। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए यातायात प्रभारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने डम्पर चालक की गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की।
DIG, मंडलायुक्त, एसपी सिटी मौके पर – हादसे को बताया बेहद दुखद
कुछ देर बाद DIG अभिषेक सिंह और मंडलायुक्त रूपेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया- तेज़ रफ्तार और असंतुलन के कारण बजरी से भरा डम्पर कार पर पलट गया। सात लोगों की मौत हो चुकी है। डम्पर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन के सभी दस्तावेज़ सही पाए गए हैं। हादसे की जांच की जा रही है।
गांव में मातम, रिश्तेदारों की चीख-पुकार से गूंज उठा घर
सैयद माजरा गांव में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों के घरों में मातम का माहौल है। परिवार के सात सदस्यों की एक साथ मौत से गांव का हर व्यक्ति गम में डूबा हुआ है। रिश्तेदारों की रोने-बिलखने की आवाज़ें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
ओवरलोडिंग और तेज़ रफ्तार पर उठे बड़े सवाल
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव के लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर डम्परों का तेज़ रफ्तार से आना-जाना आम बात है, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता।
दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।
