32 साल बाद एवी इंटर कॉलेज शमसाबाद को मिला नया प्रबंधक, पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता चुने गए
Shamsabad Breaking:
ए.वी. इंटर कॉलेज शमसाबाद में 32 साल से जारी प्रशासनिक गतिरोध खत्म हो गया है। लंबे समय बाद कॉलेज की प्रबंध समिति का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता को प्रबंधक और देवेंद्र सिंह यादव को अध्यक्ष चुना गया।
वर्ष 1993 में प्रबंध समिति में विवाद के चलते इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कॉलेज का नियंत्रण उपजिलाधिकारी कायमगंज को सौंप दिया था। तब से एसडीएम ही कॉलेज के साधिकार नियंत्रक के रूप में कार्यरत थे। पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता की प्रबंध समिति को कानपुर मंडल के उपनिबंधक द्वारा मान्यता मिलने के बाद, हाईकोर्ट ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को चुनाव कराने का आदेश दिया। डीआईओएस फर्रुखाबाद ने 14 अगस्त 2024 को चुनाव कराने का निर्देश जारी किया, जिसके तहत 18 सितंबर 2024 को मतदान संपन्न हुआ। 29 मार्च को कानपुर मंडलीय समिति ने चुनाव को वैधानिक मान्यता प्रदान कर दी। इसके बाद डीआईओएस फर्रुखाबाद ने 2 अप्रैल को विजय कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर प्रमाणित कर दिए और एसडीएम कायमगंज को प्रबंधक पद का कार्यभार हस्तांतरित करने का आदेश दिया। इस फैसले से कॉलेज प्रशासन में नई उम्मीदें जगी हैं। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को उम्मीद है कि अब कॉलेज में प्रशासनिक स्थिरता लौटेगी और शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।
