आक़िल गौर

करीब चार साल से चल रहे रूस-यूकेन युद्ध के खत्म होने की संभावना के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की भी बड़ा खेल कर रहे हैं. जेलेंस्की ने कहा है कि जंग खत्म कराने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ चल रही वार्ता में प्रस्तावित समझौता कुछ दिनों में अंतिम रूप ले सकता है. इसके बाद अमेरिकी दूत इसे रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन को सौंपेंगे और अगले वीकेंड में अमेरिका में आगे की बैठक हो सकती है. सोमवार को बर्लिन में हुई वार्ता के बाद जेलेंस्की ने पत्रकारों से कहा कि अमेरिका के साथ शांति योजना का मसौदा परफेक्ट नहीं है, लेकिन बहुत व्यावहारिक है. हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ प्रमुख मुद्दे- विशेष रूप से रूसी कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों का भविष्य अभी अनसुलझे हैं.
इस बीच अमेरिका नेतृत्व वाली शांति प्रयासों में तेजी आ रही है, लेकिन अब ध्यान मॉस्को की ओर है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन वाशिंगटन, कीव और पश्चिमी यूरोप के अधिकारियों द्वारा तैयार प्रस्तावों पर आपत्ति जता सकते हैं, खासकर यूक्रेन के लिए युद्ध के बाद की सुरक्षा गारंटी पर. जेलेंस्की ने कहा कि बर्लिन वार्ता के बाद हम मजबूत सुरक्षा गारंटी पर बहुत करीब हैं. नाटो देश के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि सुरक्षा प्रस्ताव पश्चिमी सहायता पर आधारित होगा, जो यूक्रेनी सेना को मजबूत बनाए रखेगा.
