आक़िल गौर उत्तराखंड

प्यार की निशानी के रुप में विश्वभर में प्रसिद्ध ताजमहल (Taj Mahal) फिर से चर्चाओं में आ गया है. दरअसल, लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान BJP सांसद राजकुमार चाहर ने ताजमहल को लेकर एक चौंकाने वाला बयान दिया है, जिसके बाद से वो मीडिया की सुर्खियों में बने हुए है. बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने सदन में कहा कि दुनिया की शान ताजमहल, आगरा के युवाओं और उद्योगों के लिए ‘अभिशाप’ बनता जा रहा है.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने आगरा से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ताजमहल की खूबसूरती भले ही विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन वो शहर के विकास में बाधा बन गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के कड़े नियमों के कारण आगरा में उद्योग स्थापित करना लगभग असंभव हो गया है, जिससे नए रोजगार पैदा नहीं हो पा रहे.
