
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा ने गुरुवार रात ही राजधानी का माहौल बदल दिया. जैसे ही उनका विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वहां मौजूद थे. दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से गले मिलकर एक-दूसरे का स्वागत किया. इसके बाद पीएम मोदी और पुतिन एक ही कार में साथ 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे, जहां भारत और रूस के झंडों व खास लाइटिंग से सजे पीएम आवास में उनके सम्मान में विशेष डिनर का आयोजन किया गया. अब 11 बजे राष्ट्रपति पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा, इसे लेकर तैयारियां तेज हैं.
पीएम मोदी ने एक्स पर पुतिन के आगमन पर खुशी जताते हुए लिखा कि भारत-रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है और दोनों देशों के लोगों के लिए हमेशा फायदेमंद रही है. एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान दोनों नेताओं की सहज मुस्कान और बातचीत ने उनके व्यक्तिगत समीकरण की मजबूती को और स्पष्ट कर दिया. इससे ठीक पहले जुलाई 2024 में पुतिन ने भी मॉस्को में मोदी की मेजबानी की थी, जिससे इस मुलाकात को ‘रिश्तों की निरंतरता’ का प्रतीक माना जा रहा है.
