
उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शुमार भगवान कार्तिक स्वामी (केलंग वजीर) मंदिर के कपाट परंपरागत विधि-विधानों के अनुसार बंद कर दिए गए. विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात कपाट बंद किए गए, जो अब आगामी वर्ष बैसाखी पर धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत ही खोले जाएंगे.
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में स्थित भगवान शिव के ज्येष्ठ पुत्र भगवान कार्तिकेय का यह मंदिर है. यह प्राचीन मंदिर जनजातीय क्षेत्र भरमौर के कुगती गांव से लगभग 5 किलोमीटर पैदल दूरी पर ऊंची पहाड़ी चोटी पर स्थित है. हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मणिमहेश यात्रा के दौरान भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ यहां उमड़ती है.
मंदिर परिसर से कुछ और ऊंचाई पर भगवान कार्तिकेय की बहन माता मराली का मंदिर भी स्थित है, जहां श्रद्धालु विशेष रूप से दर्शन करते हैं. चंबा से 80 किलोमीटर दूर कुगती है. कुगती से सात किलोमीटर की पैदल चढ़ाई के बाद मंदिर आता है.
