सहारनपुर मे एक अनोखा खेल सामने आया है सहारनपुर में नकली ₹20 के सिक्कों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6,400 नकली ₹20 के सिक्के, यानी करीब ₹1.28 लाख अंकित मूल्य के सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा सिक्के बनाने वाली मशीनें, लोहे की डाई, अन्य उपकरण, 8 मोबाइल फोन और वाहन भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि जांच में कुल 8 लोगों के गिरोह की जानकारी सामने आई है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।सबसे बड़ा सवाल ₹70 करोड़ से ज्यादा के कथित नेटवर्क को लेकर है। पुलिस को शक है कि करीब 3.5 करोड़ नकली ₹20 के सिक्के बाजार में पहुंचाए गए हो सकते हैं। हालांकि यह पुलिस की शुरुआती जांच का अनुमान है, बरामद रकम नहीं। इसकी पुष्टि के लिए 7 रजिस्टर और 8 मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं।रिपोर्टों के मुताबिक नकली सिक्कों को टोल प्लाजा और ज्यादा नकद लेनदेन वाली जगहों पर खपाया जाता था। ₹4,000 के नकली सिक्के चलाने पर ₹400 कमीशन देने की बात भी सामने आई है मुख्य आरोपी के तौर पर उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह का नाम सामने आया है। पुलिस नेटवर्क के पुराने कनेक्शन और 2001 से कथित गतिविधियों की भी जांच कर रही है।