
उत्तरकाशी। एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा गांव स्थित मां गंगा के शीतकालीन गद्दी स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। प्रधानमंत्री ने मां गंगा की आराधना कर भोग अर्पित किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक रांसों नृत्य से उनका स्वागत किया।
मुखवा गांव से प्रधानमंत्री ने भव्य हिमालय के दर्शन किए और व्यू प्वाइंट से बर्फ से ढकी चोटियों के साथ हर्षिल घाटी से बहती भागीरथी नदी के मनमोहक दृश्य निहारे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से हर्षिल पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में राज्य के प्रमुख शीतकालीन पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया था।प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रैकिंग और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
