
गाजियाबाद में बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम द्वारा बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। जिले में कुल 22 स्थायी रैन बसेरे संचालित हैं, जबकि नगर निगम की ओर से 7 अस्थायी रैन बसेरे भी बनाए गए हैं. इन रैन बसेरों में ठहरने वालों को कंबल, गद्दा, शौचालय, लाइट, टीवी, हीटर और अलाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
नगर निगम के इन दावों की हकीकत जानने के लिए न्यूज़ 18 की टीम ने रियलिटी चेक किया. टीम ने गाजियाबाद के नसीरपुर फाटक, राजनगर इलाके और नई रेलवे स्टेशन के पास बने अस्थायी रैन बसेरों का जायजा लिया. मौके पर नगर निगम द्वारा बताई गई सुविधाएं मौजूद पाई गईं. रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को दो कंबल, गद्दा, हीटर, लाइट, टीवी और अलाव की सुविधा दी जा रही है. साथ ही शौचालय की भी उचित व्यवस्था है, जिससे ठंड के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
हालांकि रैन बसेरों में तैनात गार्ड्स ने बताया कि रात के समय कुछ नशे के आदी लोग भी यहां पहुंच जाते हैं, जिससे कभी-कभी दिक्कतें पैदा होती है. गार्ड्स का कहना है कि यदि रैन बसेरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं या पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, तो सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सकती है
