सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

दिसंबर के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा घने कोहरे की चपेट में आ गया है. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 16 और 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी सुबह के समय घने कोहरे की वजह से आम जनजीवन को प्रभावित हो सकता है. पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कुछ दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रहने का अनुमान है. वहीं, दिल्ली में ठंड तो बढ़ी है, उसके साथ प्रदूषण भी बढ़ा है. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हाहाकार मच गया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है, जिसकी वजह से ठंड बढ़ सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ, बढ़ती नमी, ठहरी हुई हवाएं और रात के समय तेजी से गिरता तापमान कोहरे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहे हैं. इसके अलावा, पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है, जिससे वातावरण में स्थिरता बनी हुई है. यही कारण है कि मैदानी इलाकों में कोहरा लंबे समय तक टिक रहा है और सुबह देर तक साफ नहीं हो पा रहा है.
