
यूपी के सीतापुर में कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा. शनिवार शाम आवारा कुत्तों ने अलग-अलग जगहों पर नौ लोगों पर हमला करते हुए काट लिया. कुत्तों के हमले में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने घायलों में से सात लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया. कुत्तों के काटने की घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई. जिसका वीडियो भी सामने आया है. घायलों में पिता-पुत्र भी शामिल है. सड़को पर घूम रहे आवारा आतंक को लेकर लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है.
आवारा आतंक को लेकर आलम यह है कि लोग अपने घरों से निकलने से भी डरने लगे है. वहीं जिम्मेदार अधिकारी कुत्तों के हमले को लेकर कर्रवाई की जगह संसाधनों की कमी का रोना रोककर अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ रहे है. हालांकि वह कार्रवाई किए जाने को लेकर आश्वासन के साथ बड़ी-बड़ी बाते तो कर रहे है लेकिन उनकी बातों और आश्वासन से लोगों का डर कम होता नजर नहीं आ रहा है. इन आवारा कुत्तों को लेकर न तो पालिका प्रशासन ही कुछ कर रहा है और न ही तहसील प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है. अधिकारियों की लापरवाही को लेकर क्षेत्र के लोग डर और आतंक के साए में जीने को विवश है. यह पूरा मामला महमूदाबाद तहसील क्षेत्र का है.
बताते चले कि मंगलवार शाम तहसील क्षेत्र के रहने वाले उत्कर्ष वर्मा जो कि डी फार्मा की परीक्षा देकर घर वापस जा रहा था, तभी सड़क पर घूम रहे आवारा कुत्तों ने उसपर हमला कर दिया. उत्कर्ष कुछ समझ पाता उससे पहले कुत्तों ने उसे काट लिया. लोग जब तक उत्कर्ष को बचाने दौड़ते उससे पहले कुत्तों ने कई जगह काट लिया. लोगों ने डंडे और लाठी से आतंकी कुत्तों को भगाया. हाथ और पैर में कुत्तों के काट लेने से उत्कर्ष घायल हो गया. इसी प्रकार भट्ठा मोहल्ले के रहने वाले मकसूद को रामपुर मथुरा मार्ग पर स्थित टैंपो स्टैंड के पास कुत्तों ने काट लिया.
