*नाजिम खा पत्रकार कमालगंज*

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक और जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात एक बार फिर रोक दी गई है. इस खबर के बाद उनकी बहन अलीमा खान मंगलवार रात को अदियाला जेल के बाहर बैठ गईं. रात तक सैकड़ों समर्थकों और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहे. पीटीआई का आरोप है कि पुलिस ने वाटर कैनन चलाए. अलीमा खान का कहना है कि अदालत ने मंगलवार और गुरुवार को मुलाकात की अनुमति दी है, लेकिन इसके बावजूद जेल प्रशासन बार-बार मुलाकात नहीं करने दे रहा. उन्होंने कहा कि 14 महीने से इमरान को उनके निजी डॉक्टर से भी नहीं मिलने दिया गया, जो कानून के खिलाफ है.
पार्टी ने सुबह 3:58 बजे X पर एक पोस्ट में कहा, ‘पाकिस्तानी अधिकारियों ने इमरान खान की बहनों और शांतिपूर्ण पीटीआई कार्यकर्ताओं को अडियाला जेल के बाहर से तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, जबकि अदालत ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाकात की अनुमति दी थी. पार्टी ने कहा, ‘ठंड के मौसम में शांतिपूर्ण धरने पर यह क्रूर कार्रवाई बुनियादी मानवाधिकारों और सभा की स्वतंत्रता का उल्लंघन है!’ पार्टी ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें ठंड से बचने के लिए मोटे कपड़े पहने लोग भागते हुए दिखाई दे रहे हैं और उन पर पानी की बौछारें डाली जा रही हैं.
