सीता मिश्रा राष्ट्रीय अध्यक्ष

सऊदी अरब का नाम सुनते ही आपके मन में तपता रेगिस्तान आता होगा, लेकिन आज इसी रेगिस्तानी इलाके में बाढ़ जैसे हालात दिख रहे हैं. जेद्दा, मक्का और कई पास के इलाकों में मंगलवार को इतनी तेज बारिश हुई कि सड़कें मिनटों में तालाब में बदल गईं. मौसम विभाग ने इसे रेड अलर्ट से भी ऊपर का खतरा बताया है. हालत ऐसे बने कि स्कूलों को एक दिन पहले रात में ही बंद करके ऑनलाइन क्लास का आदेश देना पड़ा. जेद्दा में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए थे और दोपहर तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश शुरू हो गई.
बारिश के दौरान कैसा रहा हाल?
सऊदी गजट की रिपोर्ट के मुताबिक लोग बारिश का लुत्फ लेने पार्कों और ओपन एरिया में पहुंच गए, लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ने लगे. पानी भरने लगा और ट्रैफिक पुलिस को शहर में तैनात करना पड़ा. कई जगह सड़कें बंद करनी पड़ीं. प्रशासन ने लोगों को खासतौर पर निचले इलाकों और वादियों के पास जाने से मना किया है. मौसम विभाग NCM ने अलर्ट जारी करते हुए कहा था कि मक्का, जेद्दा, रबिघ, खुलाईस, बहरा और कई दूसरे इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि, तेज हवाएं और अचानक आने वाली बाढ़ का खतरा है. चेतावनी के मुताबिक, बारिश रात 1 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच सबसे तेज रहने वाली थी. हुआ भी वही, कई इलाकों में बिजली गई, पानी भर गया और ट्रैफिक ठप हो गया.
