
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद जैसी नई मस्जिद बनाने का विवाद गरमाता जा रहा है. तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर के इस कदम पर बिहार की सत्ताधारी नीतीश कुमार की पार्टी जदयू (JDU) ने सख्त रुख अपनाया है. पार्टी के सांसद रामप्रीत मंडल ने कहा कि अब पुरानी बातों को ताजा करने की जरूरत नहीं. अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है और अब ऐसे कदम देश की एकता के खिलाफ हैं. JDU ने स्पष्ट कर दिया कि पार्टी हुमायूं कबीर के इस फैसले के खिलाफ है. हालांकि, टीएमसी नेता का शुरू किया हुआ यह विवाद बंगाल की राजनीति को और गरमा रहा है. बीजेपी ने टीएमसी पर हमला बोला है, जबकि विपक्षी दल इसे अल्पसंख्यक अधिकारों का मुद्दा बता रहे हैं. जानकारों का कहना है कि यह घटना 2026 के बंगाल चुनावों को प्रभावित करेगी
