आक़िल गौर उत्तराखंड

इंडिगो संकट से पैसेंजर्स बेहाल हैं. दिल्ली से लेकर हैदराबाद और मुंबई तक बवाल मचा है. इंडिगो की आज यानी शुक्रवार सुबह से 600 से अधिक फ्लाइट्स कैंसल हो चुकी हैं. इंडिगो के क्रू मेंबर्स और यात्रियों के बीच हर जगह से बहस की खबरें आ रही हैं. देशभर के एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मची है. दिल्ली एयरपोर्ट पर भी हालत कमोबेश कुछ ऐसी ही है. दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की 225 फ्लाइट्स कैंसल हो चुकी हैं. अब नया अपडेट है कि आज दिल्ली एयरपोर्ट से इंडिगो की एक भी फ्लाइट नहीं उड़ेगी. जी हां, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है. अगर आपकी फ्लाइट भी दिल्ली एयरपोर्ट से है तो आपका जानना बेहद जरूरी है.
दरअसल, आईजीआई यानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ने आज यानी शुक्रवार सुबह यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की. एडवाइजरी में बताया गया कि ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण कई घरेलू उड़ानों में देरी और रद्द किए जाने की स्थिति पैदा हुई है. यात्रियों से कहा गया है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की वर्तमान स्थिति सीधे संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें. नया अपडेट यह है कि दिल्ली एयरपोर्ट से आज यानी शुक्रवार रात बारह बजे तक इंडिगो की सारी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं.
