
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत पहुंचे और इस दौरे ने आते ही वैश्विक राजनीति में हलचल बढ़ा दी. यात्रा से पहले दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने साफ कहा कि अमेरिका का भारत पर टैरिफ लगाना दोहरा मापदंड है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब अमेरिका खुद रूस से न्यूक्लियर फ्यूल (यूरेनियम) खरीद रहा है, तो भारत पर रूसी तेल खरीदने की पाबंदियां क्यों लगाई जा रही हैं. पुतिन ने कहा कि भारत को वही अधिकार मिलने चाहिए जो अमेरिका खुद के लिए रखता है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने सवाल उठाया, ‘अमेरिका खुद न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए रूसी फ्यूल खरीदता है. अगर वह अधिकार अमेरिका को है तो भारत को क्यों नहीं होना चाहिए.’ पुतिन ने कहा कि यह मुद्दा गंभीर चर्चा मांगता है और वह इस पर राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने के लिए तैयार हैं.
