
यूनाइटेड स्टेट्स में खुलेआम फायरिंग मानो आम बात हो गई है. इस बार कैलिफोर्निया प्रांत के स्टॉकटन इलाके में ओपन फायरिंग की घटना सामने आई है. मास शूटिंग की इस घटना में बताया जा रहा है कि अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग इस घटना में बुरी तरह से जख्मी हुए हैं. ABC10 की रिपोर्ट के मुताबिक सैन जाओक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस ने ये जानकारी दी जख्मी हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जांच की जा रही है कि आखिर इसके पीछे वजह क्या रही.
कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में ये भयानक घटना लूसिल एवेन्यू के 1900 ब्लॉक, थॉर्नटन रोड के पास 29 नवंबर को हुई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अस्पताल में भर्ती हुए लोगों में से कई की हालत गंभीर है. कुछ रिपोर्ट्स में ये संख्या 12 तो कुछ में 14 बताई जा रही है. घाटल होने वाले लोगों में बच्चे भी शामिल हैं. घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसके कुछ वीडियो शेयर किए गए हैं, जिसमें इलाके में भारी पुलिस बल, कई एम्बुलेंस, और हर तरफ फ्लैशिंग लाइट्स दिखीं. इससे पता चल रहा है कि मामला कितना ज्यादा गंभीर है.
