
Kaimganj News:
कोतवाली क्षेत्र के गांव हमीरपुर लालबाग निवासी अकील पशुपाल है और बकरे व बकरी पालन का कार्य करते है। मंगलवार रात वह घर के बाहर घेर पर सो रहे थे। पास में ही 6 बकरे व 3 बकरियां बंधी थी। पशुपालक का आरोप है कि देर रात एक कार में सवार होकर तीन लुटेरे पहुंचे और उसे दबोच लिया। उसने विरोध किया तो उसके ऊपर तमंचा तान दिया। चाकू और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद लुटेरों ने उसके साथ मारपीट की और शांत रहने को कहा। इससे वह सहम गया। इसी बीच शातिर लुटेरे घेर में बंधी 9 बकरियां चुरा ले गए। लुटेरों के जाने के बाद उसने चीख पुकार मचाई। भारी संख्या में आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और कार सवार लुटेरो का पीछा। कार सवार कायमगंज की ओर भाग गए। घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा और लुटेरो की तलाश की। तब तक लुटेरे ओझल हो चुके थे। पुलिस ने पशुपालक के घर के पास बने पंचायत घर मंे लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें एक लाल रंग की कार उसके घर की ओर आती दिखाई थी। कुछ देर बाद कार जाती हुई दिखाई दी। मवेशी चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने जल्द खुलासे की मांग की है। पशुपालक ने बताया कि बकरियों की कीमत करीब सवा लाख रुपए थी। उसने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।

