
मध्यप्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है. राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय ऐसा कोहरा छाया कि सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई. ठंड और कोहरे की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. हालात को देखते हुए 13 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है.
नौगांव बना प्रदेश का सबसे ठंडा शहर, पारा गिरकर पहुंचा 1 डिग्री
छतरपुर जिले का नौगांव बीती रात प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ गई. इस सीजन की सबसे सर्द रात होने के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया. तेज ठंड और कोल्ड अटैक जैसे हालातों के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे. सुबह और रात के समय लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए. मौसम में आई भारी गिरावट ने आम जनजीवन के साथ-साथ बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है.
