
देश के अन्य राज्यों समेत मध्य प्रदेश में लगातार चुनावों में हार के बाद कांग्रेस ने आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी है. बड़ी बात यह है कि प्रदेश की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं. दिग्विजय सिंह बीते तीन महीनो में कांग्रेस के पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर, भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और दिल्ली स्थित एआईसीसी हेड क्वार्टर में बड़े नेताओं के सामने चुनावी तैयारी के प्लान को लेकर अपना प्रेजेंटेशन दे चुके हैं. अब फिर से अटकलें तेज हो गई है कि दिग्विजय की नीति पर मध्य प्रदेश कांग्रेस आगे बढ़ रही है.
सबसे पहले समझिए दिग्विजय सिंह का प्लान
दरअसल दिग्विजय सिंह ने जनता को जोड़ने और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने एक प्लान पार्टी के सामने रखा है. इसमें पहले नंबर पर प्रत्येक बूथ से मंडल तक पदयात्रा, दूसरा मंडल से ब्लॉक तक यात्रा, ब्लॉक से जिला स्तर तक यात्रा. यानी कि हर जिले में कांग्रेस 3 स्तर पर यात्राएं करेगी, इन यात्रा में पार्टी के बड़े नेता आम कार्यकर्ताओं के साथ चलेंगे. नए साल 2026 में एक-एक विधानसभा का कांग्रेस नेता दौरा करेंगे. नेता जी प्रत्येक विधानसभा में रात्रि विश्राम करेंगे. इसके अलावा पीसीसी चीफ 230 विधानसभा का दौरा करेंगे.
