
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में टोल कर्मियों पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए रविवार को किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओ ने टोल पर जमकर हुड़दंग मचाया था. जिसकी कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी. वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज करते हुए हूटर बजाने वाली तीन गाड़ियां सीज कर कई का चालान करने का काम किया है.
दरसअल 2 दिन पूर्व रविवार को तितावी थाना क्षेत्र के मुजफ्फरनगर शामली स्टेट हाईवे पर स्थित जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर किसान यूनियन तोमर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने टोल कर्मियों पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा था. प्रदर्शन के दौरान की कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है जिसमें किसान यूनियन तोमर के झंडे लगी कुछ गाड़ियों पर हूटर बजाते हुए हुड़दंग मचाया गया था. वायरल वीडियो का आलाधिकारियों द्वारा संज्ञान लेते हुए इस मामले में तुरंत तितावी थाने पर 18 नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों पर हाईवे की राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान अधिनियम जैसी बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
इस मामले में पुलिस ने हूटर बजाकर हुड़दंग मचाने वाली तीन गाड़ियों को सीज कर कई का चालान भी किया है. बताया जा रहा है कि प्रथम दृष्टिया जांच में यह निकलकर सामने आया है कि जो लोग किसान यूनियन का चोला पहनकर हुड़दंग मचा रहे थे उनमें कई हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी हैं जिन पर पुलिस अलग से कार्रवाई करने में जुटी है
